हल्द्वानी
एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने फतेहपुर में महिलाओं को बांटे मुफ्त सैनिटरी पैड
फतेहपुर में एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने ग्रामीण महिलाओं को नि:शुल्क सैनिटरी पैड बांटे और मासिक धर्म स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
हल्द्वानी। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने एक सराहनीय पहल की है। संस्था की मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार के कुशल नेतृत्व में महिला पदाधिकारियों ने फतेहपुर के ग्रामीण इलाके में महिलाओं को नि:शुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए। इस दौरान महिलाओं को स्वच्छ और सेहतमंद जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार और सदस्य पूजा जोशी ने संयुक्त रूप से विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान सैनिटरी पैड का उपयोग स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। हालांकि, जागरूकता की कमी और संकोच के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की कई महिलाएं दुकान से पैड खरीदने में झिझकती हैं।
जागरूकता के अभाव में महिलाएं सैनिटरी पैड की जगह कपड़े का इस्तेमाल करती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। गंदे कपड़े और रक्त के संपर्क से संक्रमण फैलने का जोखिम हमेशा बना रहता है। संस्था का मुख्य उद्देश्य हर महिला को इस संक्रमण और बीमारी के खतरे से बचाना है।
संस्था ने संकल्प लिया है कि वह समय-समय पर विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर नि:शुल्क सैनिटरी पैड का वितरण जारी रखेगी। इस पहल से महिलाएं बिना किसी असहजता के सुरक्षित सैनिटरी पैड का उपयोग कर सकेंगी। इस अवसर पर पूर्णिमा रजवार, मीना मिश्रा, पूजा जोशी, आशा रावत, दीपा रावत, गीतांजलि जोशी और मनीषा आर्या प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
