देहरादून
कारगिल विजय दिवस: सीएम धामी ने वीर सैनिकों को किया सम्मानित, दिए बड़े तोहफे
कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों और वीरांगनाओं को सम्मानित किया। शहीदों के आश्रितों के लिए योजनाओं और अग्निवीरों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं।
देहरादून। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और शहीद परिवारों को सम्मानित करते हुए उनके अद्वितीय योगदान को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अद्भुत शौर्य और सर्वोच्च बलिदान की अमर गाथा है। उन्होंने याद दिलाया कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 वीर सपूतों ने अपनी मातृभूमि की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि देवभूमि के सैनिकों का योगदान देश की रक्षा में हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।
राज्य सरकार द्वारा सैनिकों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित करने की व्यवस्था भी की गई है।
अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मुख्यमंत्री ने देश के पहले अग्निवीर रोजगार सेल की स्थापना का ऐलान किया। राज्य में पुलिस, वन विभाग और अन्य सरकारी नौकरियों की भर्तियों में सेवामुक्त अग्निवीरों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही देहरादून के गुनियाल गांव में भव्य सैन्य धाम का निर्माण कार्य भी अपने अंतिम चरण में है।
