Connect with us

हरिद्वार

लक्सर हरिद्वार मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ओवरटेक के चक्कर में दो युवकों की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास टेंपो ट्रैवलर और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत। हादसे में दो युवा मजदूरों की मौत, परिजनों में छाया मातम।

हरिद्वार। लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवा मजदूरों की जान चली गई। दुर्घटना धनपुरा और मुस्तफाबाद पदार्था के बीच स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से जा टकराई।
पुलिस के अनुसार, नसीरपुर कलां झबीरण निवासी अनुज (25) और आशीष (20) सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से फेरुपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में पेट्रोल पंप के समीप वे एक चौपहिया वाहन को ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Select Language

Advertisement