हरिद्वार
कांवड़ यात्रा: वाया लक्सर प्रवेश और सिंहद्वार से निकासी करेंगे कांवड़ यात्री
हरिद्वार। बुधवार को आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेला क्षेत्र का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और सभी से नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण यात्रा करने की अपील की।
आईजी स्वरूप ने साफ शब्दों में कहा कि हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पंचम अवधि में भी बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। अब तक करीब 90 लाख कांवड़ यात्री गंगाजल लेकर जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार मुस्तैद है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हर यात्री की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए।
आईजी ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति कांवड़ यात्री के भेष में हुड़दंग फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि डाक कांवड़ 18 जुलाई से हरिद्वार पहुंचनी शुरू होंगी। इसके लिए विशेष यातायात योजना तैयार की गई है। डाक कांवड़ वाहनों के लिए वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू किया गया है — वाया लक्सर प्रवेश और सिंहद्वार से निकास की व्यवस्था रहेगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम एवं यातायात जितेंद्र मेहरा, एसपी सिटी पंकज गैरोला, एएसपी जितेंद्र चौधरी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
