उत्तराखण्ड
Kedarnath Dham Yatra 2026: 22 अप्रैल को खुलेंगे बाबा केदारनाथ के कपाट, जानें पूरा शेड्यूल
महाशिवरात्रि पर ऊखीमठ में निकला मुहूर्त। 22 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेंगे कपाट। डोली यात्रा और भैरव पूजा की पूरी जानकारी यहाँ देखें।
ऊखीमठ: विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 22 अप्रैल 2026 को सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। रविवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पंचकेदार गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में कपाट खुलने के शुभ मुहूर्त की विधिवत घोषणा की गई। बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के आचार्यों और वेदपाठियों ने गणना के बाद इस पवित्र तिथि का निर्धारण किया।
परंपरा के अनुसार, केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग की उपस्थिति में कपाट खुलने के समय और दिन की घोषणा की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर ‘जय बाबा केदार’ के जयघोष से गूंज उठा। कपाट खुलने से पहले की प्रक्रिया 18 अप्रैल से शुरू हो जाएगी, जब ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान भैरवनाथ की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी।
बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली की यात्रा 19 अप्रैल को ऊखीमठ से प्रस्थान करेगी और पहले पड़ाव के रूप में फाटा पहुंचेगी। 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड के लिए प्रस्थान करेगी और 21 अप्रैल की शाम तक केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी। इसके अगले दिन यानी 22 अप्रैल की सुबह विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर के मुख्य द्वार भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे।
मंदिर समिति के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की घोषणा के साथ ही उत्तराखंड में पर्यटन और तीर्थाटन की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
भगवान केदारनाथ के दर्शन के लिए देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालु हर साल हिमालय की गोद में स्थित इस पावन धाम पहुंचते हैं। कपाट खुलने की तिथि तय होने के बाद अब भक्तों ने अपनी यात्रा की तैयारियां और पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन पोर्टल और स्वास्थ्य सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखा है।
