उधमसिंह नगर
उधमसिंह नगर में भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, किच्छा के युवक की मौत
ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता में हाईवे पर दो कारों की जोरदार टक्कर। हादसे में किच्छा निवासी युवक की मौत और दो गंभीर रूप से घायल। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।
उधमसिंह नगर: उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जनपद अंतर्गत नानकमत्ता क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दहला रोड स्थित हाईवे पर दो कारों के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे एक कार (संख्या UK 06 AE 5310) और हल्द्वानी शोरूम से लाई जा रही एक नई कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। बताया जा रहा है कि नई कार का स्वामी उसे चम्पावत ले जा रहा था। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान 24 वर्षीय दीपान्त सिंघल (निवासी किच्छा) ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही किच्छा स्थित उनके आवास विकास कॉलोनी वाले घर में कोहराम मच गया है।
इस दुर्घटना में घायल हुए मनप्रीत सिंह (किच्छा) और चन्द्रप्रकाश जोशी (चम्पावत) का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन अब दुर्घटना के सही कारणों की बारीकी से जांच कर रहा है।
