हरिद्वार
हरिद्वार में कॉस्मेटिक की आड़ में नशीली दवाओं का धंधा: STF ने संचालक अहतशाम को किया गिरफ्तार
हरिद्वार के कलियर में कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और कोडीन सिरप बेचने वाले शातिर तस्कर अहतशाम को STF ने गिरफ्तार किया है।
कलियर (हरिद्वार)। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने हरिद्वार जनपद के थाना कलियर क्षेत्र में छापेमारी कर कॉस्मेटिक की दुकान की आड़ में प्रतिबंधित और नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (STF) अजय सिंह के निर्देशन में टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह को साथ लेकर कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध ठिकानों और गोदामों में दबिश दी। इसी दौरान जब ‘एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर’ पर छापा मारा गया, तो दुकान संचालक अहतशाम उल हक (पुत्र शहीद, निवासी बुड्ढाहेड़ी, पथरी) के पास से वाणिज्यिक मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। एसटीएफ की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ और तफ्तीश में सामने आया है कि आरोपी अहतशाम पूर्व में भी नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के मामले में जेल जा चुका है। वह जेल से छूटने के बाद फिर से इस धंधे में लिप्त हो गया। हाल ही में एसटीएफ द्वारा पूर्व में बरामद की गई 18,000 ट्रामाडोल कैप्सूल के बड़े रैकेट से भी इस आरोपी के तार जुड़े होने की बात सामने आ रही है। आरोपी इन दवाओं को मूल कीमत से कई गुना अधिक दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।
संयुक्त टीम ने अभियुक्त के पास से कुल 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और भारी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए हैं। इस कामयाबी को हासिल करने वाली टीम में एसटीएफ निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा, ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह, उपनिरीक्षक कमाल हसन, दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल रवि पंत और दीपक नेगी शामिल रहे। एसएसपी अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी नशा तस्कर की सूचना तुरंत एसटीएफ के हेल्पलाइन नंबरों (0135-2656202, 9412029536) पर दें।
