Connect with us

हल्द्वानी

कुमाऊँ में दो दर्दनाक हादसे: कोसी और गोरी नदी में बहे दो युवक, एक की मौत, दूसरा लापता

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के बेतालघाट में मॉक ड्रिल देखने जा रहा युवक कोसी नदी में बहा, अस्पताल में मौत। वहीं पिथौरागढ़ में पिता के सामने गोरी नदी में बहा 9 साल का मासूम।

हल्द्वानी। कुमाऊं क्षेत्र से नदी में बहने की दो अलग-अलग बेहद दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक क्षेत्र की है। यहां गुरुवार को आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल देखने जा रहा एक 19 वर्षीय युवक पैर फिसलने के कारण कोसी नदी के तेज बहाव में बह गया। विडंबना यह रही कि जिस आपदा प्रबंधन तंत्र का अभ्यास चल रहा था, उसी की टीम को तुरंत वास्तविक रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, बेतालघाट के काली पहाड़ी क्षेत्र में गुरुवार को आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। मॉक ड्रिल शुरू होने से ठीक पहले, कार्यक्रम स्थल से करीब 200 मीटर दूर सिमलखा निवासी विशाल जलाल (पुत्र आनंद सिंह) नदी पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह नदी में बह गया। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मॉक ड्रिल में शामिल बचाव दल को दी। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने तुरंत नदी में कूदकर युवक को बाहर निकाला। खैरना चौकी प्रभारी सतीश चंद्र ने बताया कि युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी हृदयविदारक घटना पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी क्षेत्र से सामने आई है। यहां के तोली गांव में गुरुवार शाम को एक 9 वर्षीय मासूम बालक अनियंत्रित होकर गोरी नदी के उफान में बह गया। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चे का कुछ पता नहीं चल सका है। फिलहाल स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गोरी नदी के आस-पास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
बताया जा रहा है कि तोली गांव का रहने वाला रियांस अपने पिता नवीन राम के साथ गोरी नदी के किनारे मछलियां पकड़ने के लिए जाल लगाने गया था। शाम करीब चार बजे अचानक रियांस का पैर फिसल गया और वह अपने पिता की आंखों के सामने ही गोरी नदी के तेज बहाव में समा गया। पिता ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का वेग इतना तेज था कि बच्चा देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किनारे न जाने की अपील की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement