Connect with us

नई दिल्ली

उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, किच्छा में 15,650 लीटर अवैध केमिकल बरामद

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड STF ने ऊधमसिंहनगर के किच्छा में छापेमारी कर 15,650 लीटर अवैध एथेनॉल और केमिकल बरामद किया है। गोदाम सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

रुद्रपुर। उत्तराखंड में अवैध केमिकल सप्लायरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भारी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की कुमाऊँ यूनिट, स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग ने ऊधमसिंहनगर के किच्छा में संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान टीम ने एक गोदाम से करीब 15,650 लीटर प्रतिबंधित केमिकल का बड़ा जखीरा बरामद किया है।
एसटीएफ की टीम को किच्छा के लालपुर क्षेत्र में अवैध केमिकल होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद आबकारी टीम और कोतवाली किच्छा पुलिस के साथ मिलकर लालपुर स्थित गोदाम पर छापा मारा गया। मौके से टीम को केमिकल से भरे 108 ड्रम और 78 खाली ड्रम मिले। अधिकारियों के अनुसार बरामद केमिकल में 9,050 लीटर एथेनॉल, 2,600 लीटर ग्लूकोज और 4,000 लीटर सॉर्बिटॉल शामिल है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह अवैध गोदाम किच्छा निवासी राजकुमार खुराना द्वारा चलाया जा रहा था। मौके से टुल्लू पंप, प्लास्टिक पाइप और मापक यंत्र भी जब्त किए गए हैं। आबकारी विभाग की टीम ने सभी रसायनों के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं। गोदाम को पूरी तरह सील कर दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसटीएफ ने इस कामयाबी के बाद जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत एसटीएफ के मोबाइल नंबर 9412029536 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में राज्यभर में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement