Connect with us

नैनीताल

नैनीताल में 124वां नंदा देवी मेला 16 सितंबर से, शराब की दुकानें रहेंगी बंद

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल में 124वां नंदा देवी मेला 16 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। मुख्य मेले के दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी और प्लास्टिक मुक्त रहेगा आयोजन।

नैनीताल। उत्तराखंड की प्रसिद्ध सांस्कृतिक धरोहर और आस्था के प्रतीक 124वें नंदा देवी मेला महोत्सव की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। सरोवर नगरी नैनीताल में इस वर्ष यह भव्य और दिव्य मेला 16 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक की।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में स्थानीय लोक परंपरा और संस्कृति को प्राथमिकता दी जाए। इस सांस्कृतिक मंच पर उत्तराखंड के स्थानीय लोक कलाकारों को विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालया’ और महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
प्रशासन ने इस बार मेले को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त बनाने का कड़ा निर्णय लिया है। पूरे नैनीताल नगर, विशेषकर ठंडी सड़क और मुख्य मेला क्षेत्रों को आकर्षक विद्युत लाइटों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
मेले के दौरान धार्मिक गरिमा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्य मेले के दिन नैनीताल मुख्यालय क्षेत्र की सभी शराब और मदिरा की दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी। इस कदम का उद्देश्य मेले के धार्मिक और पवित्र वातावरण को सुरक्षित रखना है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि नंदा देवी मेला सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे जनपदवासियों की आस्था से जुड़ा विषय है। इसलिए सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement