देहरादून
देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या का पर्दाफाश, कड़े के लिए नौकर ने की थी हत्या
देहरादून के रायपुर में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे में पर्दाफाश किया। बकाया पैसों और कड़े के विवाद में नौकर विनीत गिरफ्तार।
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में हुई 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जघन्य हत्या का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले शातिर नौकर को गिरफ्तार करते हुए मृतका के पास से लूटे गए सोने के कड़े भी बरामद कर लिए हैं। पैसों के मामूली लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तीन सितंबर को रायपुर निवासी दिनेश बंसल ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को डॉक्टरों के पास ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने त्वरित तफ्तीश शुरू की। जांच में सामने आया कि घर में काम करने वाले नौकर विनीत कुमार (निवासी उत्तरकाशी, हाल निवासी नेहरू कॉलोनी) का बुजुर्ग महिला से बकाया पैसों को लेकर विवाद हुआ था। बहस के दौरान जब वृद्धा ने शोर मचाना शुरू किया, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक कसकर दबा दिया, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी नौकर मृतका के सोने के कड़े छीनकर मौके से फरार हो गया। पहचान छिपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने रास्ते में अपने कपड़े भी बदल लिए थे। हालांकि, एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनीत को 12 घंटे के अंदर धर दबोचा। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
