Connect with us

देहरादून

उत्तराखंड में दो दर्दनाक हादसे: छिद्दरवाला में बीसीए छात्र और हरिद्वार में दो नाबालिगों की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून-हरिद्वार हाईवे और कांगड़ी फ्लाईओवर पर हुए दो हादसों में तीन जिंदगियां खत्म। छिद्दरवाला में डंपर ने छात्र को कुचला, वहीं हरिद्वार में दो किशोरों की कार टक्कर से मौत।

देहरादून। देहरादून और हरिद्वार जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर छिद्दरवाला में हुआ, जहां एक डंपर ने स्कूटी सवार छात्र को कुचल दिया। वहीं दूसरा हादसा हरिद्वार के कांगड़ी फ्लाईओवर पर हुआ, जहां कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो नाबालिग किशोरों की जान चली गई।
ऋषिकेश के छिद्दरवाला में रविवार सुबह करीब नौ बजे यह हादसा उस वक्त हुआ जब 18 वर्षीय अनिकेत गुसाईं स्कूटी से देहरादून जा रहा था। अनिकेत उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीसीए सेकेंड ईयर का छात्र था। छिद्दरवाला में सर्विस रोड पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल अनिकेत को एम्स ऋषिकेश ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनिकेत के पिता दीपक गुसाईं जल संस्थान में कार्यरत हैं और कोटद्वार से देहरादून तबादला होने के कारण परिवार के साथ शिफ्ट हो रहे थे। अनिकेत स्कूटी लेकर सीमाद्वार स्थित नए आवास की ओर जा रहा था। इस घटना के बाद से मृतक छात्र के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित कांगड़ी फ्लाईओवर पर हुई। यहां हरकी पैड़ी निवासी 16 वर्षीय कार्तिक अग्रवाल और रानी गली निवासी 14 वर्षीय कृष्णा राजपूत घर से बिना बताए पिता की नई स्कूटी लेकर निकले थे। फ्लाईओवर पर हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रही एक कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों किशोर एक ही गली में रहते थे और कक्षा 9वीं व 11वीं के छात्र थे। श्यामपुर पुलिस ने दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और नाबालिगों को वाहन न सौंपने की अपील की है।

Select Language

Advertisement