अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
चंपावत हादसे में कार पर गिरा भारी बोल्डर, 1 युवक की मौत और 4 गंभीर
चंपावत के घाट-पनार मार्ग पर पहाड़ी से कार पर गिरे बोल्डर की चपेट में आने से एक युवक की दुखद मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चंपावत। जिले से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बाराकोट ब्लाक के घाट-पनार मोटर मार्ग पर घाट मसान देवता मंदिर के समीप पहाड़ी से अचानक कार पर भारी बोल्डर आ गिरा। इस भयानक हादसे की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिम्टा (गंगोलीहाट) से पिथौरागढ़ की ओर जा रही ऑल्टो कार (यूके-05टीए-2878) सड़क बंद होने के कारण किनारे खड़ी थी। कार में दो युवक सवार थे और तीन बाहर खड़े थे, तभी ऊपर पहाड़ी से विशाल बोल्डर आ गिरा। हादसे में सौरभ कुमार, संदीप कुमार, सुनील कुमार, सुभाष चंद्र और सुजल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों के साथ पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। घायलों को लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां संदीप कुमार (35) को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए चंपावत जिला अस्पताल और पिथौरागढ़ रेफर किया गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम नीतू डांगर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में पीछे खड़ी एक अन्य कार भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं ने यात्रा सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
