हल्द्वानी
कालाढूंगी तहसील में SIR सुनवाई के दौरान बुजुर्ग की मौत, फैली अफरा-तफरी
कालाढूंगी तहसील में एसआईआर प्रक्रिया की सुनवाई के दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने से मौत। हार्ट अटैक की आशंका, परिसर में मचा हड़कंप।
कालाढूंगी। नैनीताल जिले के कालाढूंगी तहसील परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के तहत आपत्तियों के निस्तारण के लिए पहुंचे एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल कालाढूंगी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर चार निवासी सद्दाम हुसैन ने बताया कि उनके दादा इब्ने हसन (80) के नाम पर किसी व्यक्ति ने आपत्ति दर्ज कराई थी। इसी आपत्ति के निस्तारण के लिए वह सोमवार को परिजनों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे थे। सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान ही अचानक बुजुर्ग की हालत बिगड़ने लगी और वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े।
मामले की जानकारी देते हुए तहसीलदार पूजा शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे ही बुजुर्ग इब्ने हसन की आपत्ति का निस्तारण कर दिया गया था और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कर लिया गया था। इसके बाद वह किसी अन्य व्यक्ति के साथ पुनः लाइन में खड़े थे, तभी अचानक अचेत होकर गिर पड़े। मौके पर ही उन्हें सीपीआर देने का प्रयास किया गया और फिर तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
कालाढूंगी अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, बुजुर्ग की मौत संभवतः हार्ट अटैक (हृदयघात) के कारण हुई है। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया था। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
