हल्द्वानी
नैनीताल दुग्ध संघ चुनाव: मुकेश बोरा 12वीं बार निर्विरोध जीते, पूर्व चेयरमैन की करारी हार
नैनीताल दुग्ध सहकारी समितियों के चुनाव में मुकेश बोरा ने 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज की। वहीं बिंदुखत्ता में पूर्व चेयरमैन की हार हुई। पढ़ें चुनावी अपडेट।
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अधिकतर समितियों में पदाधिकारियों का चुनाव निर्विरोध हुआ, जिससे दुग्ध उत्पादकों और समिति के सदस्यों में भारी उत्साह देखने को मिला। कुल 245 में से 238 समितियों में पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से निर्विरोध हुआ, जबकि केवल 7 समितियों में मतदान की नौबत आई।
इस चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा का दबदबा एक बार फिर कायम रहा। उन्होंने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत हासिल की है। उल्लेखनीय है कि मुकेश बोरा वर्ष 1996 से लगातार इस समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने जाते रहे हैं। वहीं, दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से तीसरी बार निर्विरोध चुनाव जीता।
चुनाव नतीजों में सबसे बड़ा उलटफेर बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में देखने को मिला। यहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। चुनाव मैदान में उतरे जगदीश पंत ने पूर्व चेयरमैन को हराते हुए अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की। इसके अलावा भगवतपुर समिति से दीपा रैकवाल और वुडाधुरा समिति से हेमा पड़ियाड ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विजयी प्रतिनिधियों को फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा सहित कई अधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। वरिष्ठ भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि नए प्रतिनिधि दुग्ध उत्पादकों के हितों में बेहतर काम करेंगे।
