हल्द्वानी
कालाढूंगी के बंदरजूड़ा में मातृशक्ति संवाद, महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर चर्चा
विधानसभा कालाढूंगी के बंदरजूड़ा में मातृशक्ति से भेंट कर मोदी-धामी सरकार की महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। पढ़ें पूरी खबर।
हल्द्वानी। विधानसभा कालाढूंगी के बैलपड़ाव स्थित बंदरजूड़ा में मातृशक्ति के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
संवाद के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार का मुख्य संकल्प देश और प्रदेश की प्रत्येक महिला को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। सरकार द्वारा स्वरोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आर्थिक सहायता के माध्यम से महिलाओं को तरक्की के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के जरिए महिला उद्यमी अपने व्यवसाय को स्थापित या विस्तारित करने के लिए सुलभ ऋण प्राप्त कर सकती हैं। वहीं, स्टैंड-अप इंडिया योजना के अंतर्गत महिलाओं तथा अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के नए उद्यमियों को सेवा एवं निर्माण क्षेत्र में उद्योग लगाने हेतु बैंक लोन की सुविधा दी जा रही है।
इसके अतिरिक्त, आर्थिक रूप से कमजोर एवं श्रमिक महिलाओं के लिए सिलाई जैसे स्वरोजगार माध्यमों से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृशक्ति को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित न रखकर उन्हें विकास की मुख्य धारा में नेतृत्वकर्ता बनाना है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख मनीषा जंतवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनप्रीत कौर सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
