हरिद्वार
हरिद्वार में लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार: शादी के 2 दिन बाद पति को किया बेहोश, माल समेत पकड़ी
हरिद्वार के बहादराबाद में शादी के दो दिन बाद दुल्हन पति को नशीली चाय पिलाकर नकदी व सामान लेकर फरार हो गई। ग्रामीणों ने 5 आरोपियों को दबोचा
हरिद्वार। जिले से धोखाधड़ी और चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में शादी के महज दो दिन बाद ही नवविवाहिता अपने साथियों के साथ मिलकर घर से नकदी और कीमती सामान समेटकर फरार हो गई। हालांकि, सतर्क ग्रामीणों और पीड़ित के भाई की तत्परता से पांचों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) निवासी रुकमीना की शादी मंगलवार शाम दौलतपुर निवासी योगेश पुरी के साथ हुई थी। आरोप है कि बुधवार रात को मौका पाकर दुल्हन ने अपने पति को चाय में कोई नशीला पाउडर घोलकर पिला दिया। चाय पीते ही पति अचेत हो गया। इसके बाद गुरुवार तड़के दुल्हन अपने गिरोह के अन्य चार साथियों के साथ घर से नकदी और सामान लेकर निकलने लगी।
जब दुल्हन चुपके से घर से बाहर निकल रही थी, तभी पीड़ित के भाई प्रवेश पुरी की नजर उस पर पड़ गई। उसने तुरंत शोर मचा दिया, जिससे आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी करके भाग रहे पांचों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद बहादराबाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस ने दुल्हन रुकमीना समेत उसके साथियों अब्दुल बारी, रागिनी पाल, पुनीत कुमार और फतेह सिंह को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
