हल्द्वानी
बनभूलपुरा में युवक की गला घोंटकर हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में अमन ठाकुर की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। आरोपी निक्की को आला कत्ल दुपट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया।
हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का नैनीताल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने नामजद अभियुक्त निक्की उर्फ नाटी को आला कत्ल दुपट्टे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।
मामले के अनुसार, 16 सितंबर को स्थानीय पार्षद द्वारा बनभूलपुरा पुलिस को जवाहर नगर में एक व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक बरामदे में युवक मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर (29 वर्ष), पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। वह पिछले 4-5 सालों से वहीं रह रहा था।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंची फॉरेंसिक टीम ने पाया कि मृतक के गले पर यू-आकार (U-Shape) का निशान था, जिससे पहली नजर में ही मामला हत्या का संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। परिजनों की गैरमौजूदगी में पुलिस ने न्यायहित में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फत्र्याल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागों के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी निक्की उर्फ नाटी को रेलवे स्टेशन के पास गौला नदी किनारे झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा उसके कार्यस्थल मस्ता टेंट हाउस से बरामद कर लिया गया है।
