हल्द्वानी
रामपुर रोड में स्मार्ट मीटरों के भारी बिलों से हाहाकार, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
अल्मोड़ा के रामपुर रोड क्षेत्र में स्मार्ट मीटरों से आ रहे भारी बिलों को लेकर जनआक्रोश। विशाल वर्मा और अंजलि वर्मा ने सीएम धामी से लगाई रोक की गुहार।
हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड (वार्ड नंबर 19) पर्वतीय मोहल्ले में लगाए गए स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली बिल दोगुने और अत्यधिक आ रहे हैं। इस समस्या को लेकर समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया है।
विशाल वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी ललित मोहन रायल को ज्ञापन सौंपने के बाद उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन (UPCL) द्वारा क्षेत्र में एक जांच कैंप का आयोजन किया गया था। इस कैंप में 75 से 80 उपभोक्ताओं के बिलों की जांच की गई। जांच के दौरान पुराने और नए स्मार्ट मीटरों की रीडिंग में 50 से 80 यूनिट तक का बड़ा अंतर देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश उपभोक्ताओं के बिलों में कोई संशोधन नहीं किया गया।
जांच कैंप में मात्र तीन प्रमुख मामलों में ही संशोधन का आश्वासन मिला। इनमें विष्णुपुरी गली नंबर 10 दुर्गा मंदिर कमेटी का ₹27,241 का बिल, वहीं के एक अन्य उपभोक्ता का ₹20,000 का बिल तथा सावित्री कॉलोनी के उपभोक्ता का ₹22,971 का बिल शामिल है। विभाग द्वारा संतोषजनक समाधान न मिलने से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं से विभिन्न मदों में ₹500 से ₹550 तक के अतिरिक्त शुल्क वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, समय पर भुगतान न होने पर हर महीने ₹150 से ₹200 तक की पेनाल्टी लगाकर आम जनता का आर्थिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि स्मार्ट मीटरों की गड़बड़ियों को जल्द ठीक नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से राज्य में स्मार्ट मीटरों पर तत्काल रोक लगाने तथा पुराने मीटरों को पुन: बहाल करने की मांग की है।
