Connect with us

उत्तराखण्ड

देहरादून में दो दिन में जमा हो गया 800 टन कूड़ा, कूड़ा उठाने में नगर निगम के छूट रहे पसीने

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सल्ट से भाजपा विधायक महेश सिंह जीना के नगर आयुक्त से अभद्रता के विरोध में कर्मचारी चले गए थे हड़ताल पर
देहरादून। सल्ट (अल्मोड़ा) से भाजपा विधायक महेश सिंह जीना द्वारा नगर आयुक्त व अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता के विरोध में चल रही नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। विधायक के विरुद्ध शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने और जिलाधिकारी सोनिका से वार्ता के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया। दो दिन रही हड़ताल के कारण नगर निगम की तमाम व्यवस्थाएं चरमराने से 800 टन कूड़ा जमा हो गया।
गुरुवार को जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय में नगर निगम प्रशासक एवं जिलाधिकारी सोनिका और कर्मचारी यूनियन के नेताओं के बीच वार्ता हुई। जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। दो दिन की हड़ताल के चलते घर-घर कूड़ा उठान पूरी तरह ठप रहा। कई जगह घरों का कूड़ा खाली प्लाट व नदी-नालों में फेंका गया। इसके अलावा सड़कों के किनारे भी कूड़ा पड़ा रहा।
शहर में रोजाना करीब 400 टन कूड़ा उत्सर्जित होता है। ऐसे में दो दिन में आठ सौ टन कूड़ा जमा होने का अनुमान है। इसके साथ ही तीसरे दिन का कूड़ा भी निस्तारित किया जाना है, जो कि बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। शुक्रवार को महाशिवरात्रि है और दो दिन के कूड़े को पूरी तरह साफ करने की चुनौती खड़ी है।
कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर निगम में दो दिन सभी कार्य ठप रहे। इस दौरान निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने व भवन कर जमा कराने समेत अन्य कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग निगम पहुंचते रहे, लेकिन कार्यालयों में ताला लटका देख वह लौट गए।

Select Language

Advertisement