हरिद्वार
हरिद्वार में डॉक्टर की हत्या से सनसनी, शव झाड़ियों में बरामद
हरिद्वार। हरिद्वार के जिला अस्पताल में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां संविदा पर तैनात एक चिकित्सक की हत्या कर दी गई है। डॉक्टर का शव झाड़ियों में पाया गया, और हत्या की वजह कंबल से गला दबाकर की गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
हत्या की जानकारी
शुक्रवार की दोपहर बहादराबाद पुलिस को सूचना मिली कि डिफेंस कॉलोनी के पास झाड़ियों में एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी पंकज गैरोला और एसओ नरेश राठौड़ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। मृतक की पहचान 37 वर्षीय डॉ. गोपाल गुप्ता के रूप में हुई, जो लक्सर के मुख्य बाजार के निवासी थे और जिला अस्पताल में संविदा पर कार्यरत थे। गुरुवार सुबह वह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे।
जांच और खुलासे की उम्मीद
एसएसपी डोबाल ने बताया कि पहली नजर में लग रहा है कि कंबल से गला घोटकर हत्या की गई है। कंबल उनके गले पर बुरी तरह कसा हुआ था। पुलिस के साथ सीआईयू टीम भी इस हत्याकांड की जांच में जुट गई है। एसएसपी ने दावा किया है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
