Connect with us

उधमसिंह नगर

ऊधमसिंहनगर में 24 घंटे में तीन मुठभेड़, तीन बदमाश घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

ऊधमसिंहनगर। जिले में 24 घंटे के भीतर सितारगंज, किच्छा और नानकमत्ता में हुई तीन अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश पांव में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस का दावा है कि तीनों बदमाश क्रमशः व्यापारी से लूट, गो तस्करी और नशा तस्करी के मामले में वांछित थे। संयोग की बात रही कि तीन बदमाशों को गोली उन्हीं क्षेत्रों में लगी जहां पर वे वांछित थे। करीब चार महीने में जिले में 15 मुठभेड़ों से बदमाशों में दहशत है।


सितारगंज पुलिस के अनुसार सोमवार रात सिडकुल रोड में चेकिंग के दौरान हल्द्वानी से आ रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा था। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायर किए, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में भी गोली लग गई। आरोपी ने अपना नाम विकास पाल उर्फ विक्की उर्फ मुर्गा निवासी बिहारी कालोनी, ओपन यूनिवर्सिटी के पीछे हल्द्वानी बताया। आरोपी ने कबूल किया कि सितारगंज में बीती एक फरवरी की सुबह अस्पताल के पास दुकानदार को घायल कर लूट की वारदात में वह शामिल था, उसके साथ हल्द्वानी के दो साथी रोहित पाल निवासी फूलचौड़ और चेतन निवासी हरिपुर नमन सिंह भी शामिल थे। पुलिस ने विकास के पास से तमंचा, कारतूस, लूट का मोबाइल और नगदी जब्त की है।
दूसरी मुठभेड़ मंगलवार दोपहर किच्छा में हुई। यहां दस हजार के ईनामी फरार गौतस्कर शकील अहमद पुत्र सलीम अहमद, निवासी ग्राम सहदौरा पुलभट्टा की घेराबंदी को पहुंची पुलिस पर आरोपी ने 315 बोर के देशी तमंचे से दो राउंड फायर किए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया।
तीसरी मुठभेड़ में मंगलवार सुबह नानकमत्ता में हुई। यहां बिना नंबर की बाइक पर सवार तस्कर ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में भूपेंद्र सिंह उर्फ राजू पुत्र गुरदीप सिंह उर्फ बिल्लू निवासी गिधौर नानकमत्ता के दाहिने पैर में गोली लगी। तलाशी में तस्कर से पुलिस ने 260.81 ग्राम स्मैक बरामद की है।
एसओ नानकमत्ता उमेश कुमार ने बताया कि आरोपी भूपेंद्र के पास तमंचा, कारतूस बरामद कर उसकी बाइक को सीज कर दिया। उसे एसटीएच में भर्ती कराया गया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement