नई दिल्ली
एनएच घोटाले में पीसीएस अफसर डीपी सिंह के घर ईडी की छापेमारी, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच तेज
देहरादून। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-74 घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह पीसीएस अधिकारी डीपी सिंह के राजपुर स्थित निवास व अन्य ठिकानों पर छापा मारा। ईडी की टीम ने मौके पर पहुंचते ही दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी। इस मामले में पीसीएस अफसर डीपी सिंह, पूर्व एसडीएम काशीपुर भगत सिंह फोनिया समेत सात लोगों पर करीब आठ करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है।
ईडी इस प्रकरण में पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जांच में सामने आया था कि घोटाले के मुख्य आरोपियों में डीपी सिंह, पूर्व एसडीएम दिनेश भगत सिंह फोनिया, पूर्व तहसीलदार मदन मोहन पाडलिया, कंपनी फाइबरमार्क्स पेपर्स प्राइवेट लिमिटेड तथा इसके अधिकारी जसदीप सिंह गोराया व हरजिंदर सिंह शामिल हैं।
गौरतलब है कि ईडी ने 5 अगस्त 2022 को इन सभी आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत चार्जशीट दाखिल की थी। जांच में पाया गया कि 7.99 करोड़ रुपये के अपराध से अर्जित धन (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) के रूप में इन आरोपियों ने अवैध रूप से लाभ कमाया था। ईडी इस मामले में लगातार साक्ष्यों को जुटा रही है ताकि दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जा सके।
ताजा कार्रवाई के तहत ईडी की टीम ने राजपुर स्थित आवास के अलावा अन्य ठिकानों पर भी जांच की है। दस्तावेजों की जांच-पड़ताल के साथ ही अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया जा रहा है। इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। ईडी के अनुसार जांच में अन्य अहम जानकारियां भी सामने आ सकती हैं, जिससे घोटाले में शामिल अन्य व्यक्तियों पर शिकंजा कस सकता है।
