हरिद्वार
हरिद्वार यूनिवर्सिटी हॉस्टल में बीटेक छात्र की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव
हरिद्वार। थाना क्षेत्र स्थित एक यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में बीटेक के छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की की मोर्चरी भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 19 वर्षीय सुमित राज निवासी लक्की सराय, बिहार के रूप में हुई है, जो कोर कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था और हॉस्टल में रह रहा था। रविवार सुबह हॉस्टल का कमरा अंदर से बंद मिला। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो वार्डन ने संदेह होने पर दूसरी चाबी से गेट खोला। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए—सुमित फंदे से लटका मिला।
विवि प्रशासन ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। शांतरशाह चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि कारण स्पष्ट नहीं हैं। इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के पीछे की असली वजह का पता चल सके।
