Connect with us

उत्तर प्रदेश

मुरादाबाद: 8वीं की छात्रा से मांगा गया ‘वर्जिनिटी सर्टिफिकेट’, पुलिस ने प्रधानाचार्या समेत 3 पर दर्ज किया केस

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मुरादाबाद के पाकबड़ा मदरसे में 8वीं की छात्रा से एडमिशन के लिए ‘वर्जिनिटी सर्टिफिकेट’ मांगने का सनसनीखेज मामला। पिता की तहरीर पर प्रधानाचार्या, एडमिशन इंचार्ज समेत 3 पर केस दर्ज, 1 आरोपी गिरफ्तार।

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित पाकबड़ा थाना क्षेत्र के एक मदरसे से बेहद शर्मनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है। दिल्ली रोड स्थित मदरसा जामिया असहनुल बनात इंटर कॉलेज की 8वीं कक्षा की एक 13 वर्षीय छात्रा से कथित तौर पर वर्जिनिटी सर्टिफिकेट (कौमार्य प्रमाण पत्र) की मांग की गई है। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को मदरसा एडमिशन इंचार्ज, प्रधानाचार्या और स्टाफ पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।


एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने इस सनसनीखेज मामले की पुष्टि की। शिकायतकर्ता, जो चंडीगढ़ के निवासी हैं, ने एसएसपी ऑफिस में बताया कि उनकी बेटी साल 2024 में 7वीं कक्षा में भर्ती हुई थी और इस साल 8वीं में प्रवेश लिया था। परिवार की निजी दिक्कतों के चलते पिता 16 जुलाई को बेटी को मदरसे से चंडीगढ़ ले गए थे। जब 21 अगस्त को छात्रा की माँ उसे वापस मदरसे छोड़ने पहुँची, तो उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।
छात्रा के पिता का गंभीर आरोप है कि प्रधानाचार्य और एडमिशन सेल के इंचार्ज ने बेटी को वापस लेने से पहले उसका मेडिकल कराने और वर्जिनिटी सर्टिफिकेट लाने को कहा। जब माँ ने इस मांग का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें धक्का देकर मदरसे से बाहर निकाल दिया। पिता ने बताया कि मदरसे वालों ने उनसे यह भी कहा कि उन्हें एक फ़ोन आया था जिसमें बताया गया कि छात्रा के पिता ने ही उसके साथ गलत संबंध बनाए हैं, इसलिए यह सर्टिफिकेट माँगा जा रहा है।
पिता ने आरोप लगाया कि मदरसे के इस कृत्य ने पूरे परिवार के चरित्र का हनन किया है। वहीं, मदरसे के मुफ्ती सलमान ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि आज तक किसी भी छात्रा या उसके अभिभावक से कभी भी मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं मांगा गया है। हालांकि, पुलिस ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की है और केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहन जाँच जारी है।

Select Language

Advertisement