हरिद्वार
अंकिता भंडारी केस: उर्मिला सनावर से 6 घंटे पूछताछ, नार्को टेस्ट के लिए तैयार
अंकिता भंडारी हत्याकांड में अभिनेत्री उर्मिला सनावर से पुलिस की लंबी पूछताछ। उर्मिला ने सौंपे साक्ष्य और ऑडियो क्लिप। कहा- न्याय के लिए नार्को टेस्ट को भी तैयार हूँ।
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर मुखर रहने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर बुधवार को पुलिस जांच के केंद्र में रहीं। देहरादून पुलिस और एसआईटी ने उर्मिला से दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक करीब छह घंटे तक सघन पूछताछ की। इस दौरान उर्मिला ने जांच टीम को महत्वपूर्ण साक्ष्य और सुरेश राठौर के साथ हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप भी सौंपी हैं।
“न्याय के लिए नार्को टेस्ट को भी तैयार हूँ”
पूछताछ के बाद सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में उर्मिला सनावर ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अंकिता पूरे देश की बेटी थी और उसके साथ न्याय होना चाहिए। उर्मिला ने स्पष्ट किया कि यदि मामले की तह तक जाने के लिए उनका नार्को टेस्ट (Narco Test) कराने की जरूरत पड़ती है, तो वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने मामले में सीबीआई (CBI) या किसी भी उच्च स्तरीय जांच का समर्थन किया।
राजनीति न करने की अपील
उर्मिला ने वीडियो में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनके नाम को बेवजह राजनीति से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा, “कोई मुझे कांग्रेसी बता रहा है तो कोई भाजपा के गुटों में बंटी हुई। मेरा उद्देश्य सिर्फ अंकिता को न्याय दिलाना है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि अंकिता भंडारी जैसे संवेदनशील मामले पर राजनीति न की जाए। उर्मिला मंगलवार रात स्वामी दर्शन भारती के साथ देहरादून पहुंची थीं।
पुलिस और एसआईटी की अगली कार्रवाई
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उर्मिला सनावर द्वारा उपलब्ध कराई गई ऑडियो क्लिप को वैज्ञानिक परीक्षण (Forensic Lab) के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने उर्मिला द्वारा मांगी गई सुरक्षा पर भी एलआईयू (LIU) से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि उर्मिला के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकियों के बाद वह कुछ समय के लिए शांत हो गई थीं, लेकिन अब साक्ष्यों के साथ सामने आने से मामले में नया मोड़ आने की संभावना है।
