नई दिल्ली
हल्द्वानी में शातिराना चोरी: किरायेदार बनकर आया और बुजुर्ग महिला के गहनों से भरा बक्सा लेकर फरार
हल्द्वानी के बद्रीपुरा में दिनदहाड़े चोरी। किरायेदार बनकर आए युवक ने अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला के घर से लाखों के गहने और नकदी पार कर दी। आरोपी CCTV में कैद।
हल्द्वानी। बद्रीपुरा इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कमरा किराये पर लेने के बहाने आए एक शातिर चोर ने एक अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला के घर से लाखों के गहने और नकदी से भरा बक्सा उड़ा लिया। आरोपी ने इस पूरी वारदात को महज आधे घंटे के भीतर अंजाम दिया और सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद निडर होकर बाजार से फरार हो गया।
पीड़ित दया नेगी (निवासी वार्ड-11, बद्रीपुरा) अपने दोमंजिला घर में अकेली रहती हैं। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुँचा और खुद को अल्मोड़ा का निवासी बताकर किराये पर कमरा मांगने लगा। उसने महिला का विश्वास जीतने के लिए किराया भी तय कर लिया। इसी दौरान शातिर ने पानी पीने के बहाने महिला को उलझाया और मौका पाते ही कमरे के अंदर रखा कीमती बक्सा उठाकर रफूचक्कर हो गया।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी चोरी के बाद भारी बक्सा अपनी पीठ पर लादकर बाजार के बीच से गुजरा। रास्ते में कुछ लोगों ने उससे पूछताछ भी की, लेकिन वह उन्हें चकमा देने में कामयाब रहा। सीसीटीवी फुटेज में उसे साफ तौर पर बक्सा ले जाते देखा जा सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया।
गौरतलब है कि हल्द्वानी में पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। करीब एक महीने पहले ही कुसुमखेड़ा में राधिका ज्वेलर्स से सवा करोड़ की चोरी हुई थी, जिसमें भी किराये का कमरा लेकर वारदात को अंजाम दिया गया था। उस मामले का मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। स्थानीय पार्षद ने पुलिस की ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
