Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर: कलयुगी माता-पिता ने बेटे को बनाया नशा तस्कर, ₹33 लाख की स्मैक के साथ किशोर गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर में पुलिस ने किशोर से 33 लाख की स्मैक बरामद की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि माता-पिता उससे तस्करी कराते थे। पुलिस ने आरोपी अभिभावकों पर दर्ज किया जिले का पहला मामला।

रुद्रपुर/गदरपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गदरपुर कोतवाली पुलिस और एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने एक किशोर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ पकड़ा है। पकड़े गए नाबालिग ने पुलिस के सामने जो खुलासा किया, उसे सुनकर अधिकारी भी दंग रह गए। किशोर ने बताया कि उसके अपने माता-पिता ही उससे स्मैक की तस्करी करवाते हैं।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि शनिवार देर शाम पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम करतारपुर रोड तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक स्कूटी सवार किशोर को संदिग्ध लगने पर रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से 112.3 ग्राम स्मैक बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद स्मैक की कीमत करीब 33 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि बरामद स्मैक उसे उसके माता-पिता ने दी थी। उसे निर्देश दिए गए थे कि यह खेप पुलिया के पास खड़े एक अनजान व्यक्ति को सौंपनी है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया कि माता-पिता अपने ही बच्चे के भविष्य से खिलवाड़ कर उसे अपराध की दुनिया में धकेल रहे थे।
पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी माता-पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 95 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह जिले में इस धारा के तहत दर्ज होने वाला पहला मामला है। पुलिस ने नाबालिग को संरक्षण में ले लिया है और अब आरोपी माता-पिता की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने चेतावनी दी है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह परिवार का सदस्य ही क्यों न हो। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि उनके आस-पास ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तरकाशी में चमत्कार! चोरी का पता लगाने नागराजा की देवडोली पहुंची कोतवाली, चोरों की हुई शिनाख्त

Select Language

Advertisement