Connect with us

उधमसिंह नगर

किच्छा हाईवे पर दर्दनाक हादसा: डंपर ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, पत्नी की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

किच्छा हाईवे पर आदित्य चौक के निकट तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को कुचला। हादसे में महिला की मौत, पति गंभीर घायल। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एसडीएम कार्यालय पर धरना।

किच्छा। उधम सिंह नगर जिले के किच्छा हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आदित्य चौक के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को बुरी तरह रौंद दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद चालक अपना डंपर चालू हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, पीलीभीत के न्यूरिया स्थित जोशी कॉलोनी निवासी दिनेश वैद्य अपनी पत्नी कविता (36) के साथ दिनेशपुर के ग्राम मोहनपुर आए थे। वे रविवार को अपने साढ़ू के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। मंगलवार को जब वे वापस अपने घर पीलीभीत लौट रहे थे, तभी इंट्रॉर्क फैक्ट्री के सामने तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
घिसटती हुई दूर तक गई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और कविता डंपर के साथ काफी दूर तक घिसटते हुए चले गए। राहगीरों ने आनन-फानन में कविता को डंपर के नीचे से निकाला और पति-पत्नी दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कविता को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिनेश का उपचार चल रहा है।
प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता घटनास्थल पर जमा हो गए। निवर्तमान पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली के नेतृत्व में गुस्साए लोगों ने एसडीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए डंपर को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार में छाया मातम
मृतका कविता के परिजनों ने बताया कि दिनेश पीलीभीत में नमकीन की दुकान चलाते हैं। इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। दंपती के पीछे एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फिलहाल फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement