नैनीताल
कालाढूंगी गोलीकांड: बैलपोखरा में दो पक्षों के बीच अंधाधुंध फायरिंग, दो युवक घायल
कालाढूंगी के बैलपोखरा में शनिवार रात विवाद के बाद गोलीबारी हुई। लवी और बबलू गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने बरामद किए 32 बोर के खोखे। पढ़ें पूरी क्राइम रिपोर्ट।
कालाढूंगी: नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र अंतर्गत बैलपड़ाव पुलिस चौकी के बैलपोखरा में शनिवार रात सरेराह खूनी संघर्ष देखने को मिला। दो पक्षों के बीच मामूली विवाद के बाद हुई भीषण गोलीबारी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे बैलपोखरा के पास सड़क पर गोली चलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर बैलपोखरा निवासी लवप्रीत उर्फ लवी और छोई निवासी बबलू कुमार लहूलुहान हालत में मिले। लवी के घुटने और बबलू के पेट के पास गोली लगी है। गंभीर स्थिति को देखते हुए लवी को बरेली और बबलू को काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवकों के बीच पहले गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। इसी दौरान आरोपियों ने अवैध पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सीओ सुमित पांडे ने बताया कि पुलिस ने मौके से 32 बोर के चार खाली खोखे बरामद किए हैं। आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
एसएसआई पंकज जोशी ने जानकारी दी कि घायल लवी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2024 में रामनगर के एक रिजोर्ट मैनेजर के साथ मारपीट के मामले में जेल जा चुका है और कुछ माह पहले ही बाहर आया था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक घायलों की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
