उधमसिंह नगर
रुद्रपुर सामूहिक दुष्कर्म कांड: विश्वास की हत्या, देवर ने ही चंद रुपयों के लिए भाभी को जाल में फंसाया
रुद्रपुर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी देवर ने ही दोस्तों से पैसे लेकर अपनी भाभी के साथ साजिश रची। पुलिस कर रही है फरार आरोपियों की तलाश।
रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मेला देखने गई महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म कांड में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस पूरे घिनौने अपराध का मास्टरमाइंड महिला का सगा देवर ही निकला। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी देवर ने अपने दोस्तों से मोटी रकम लेकर अपनी ही भाभी के खिलाफ यह खौफनाक साजिश रची थी।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी देवर की गतिविधियां शुरुआत से ही संदिग्ध थीं। वारदात के बाद वह पहले फरार हो गया और फिर खुद को बचाने के लिए कोतवाली पहुंचकर बयान देने लगा। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपनी साजिश की पूरी हकीकत उगल दी। उसने बताया कि जब उसके भाई ने मेला जाने से मना किया, तो उसने इस मौके का फायदा उठाया और भाभी को बहला-फुसलाकर साथ ले गया।
योजना के अनुसार, देवर के दोस्त पहले से ही मेले में मौजूद थे और लगातार महिला का पीछा कर रहे थे। मासूम भाभी इस बात से पूरी तरह अनजान थी कि जिस देवर पर वह भरोसा कर रही है, वही उसकी अस्मत का सौदा कर चुका है। वापसी के दौरान देवर उसे मुख्य मार्ग के बजाय ‘शॉर्टकट’ का बहाना बनाकर किच्छा बाईपास के सुनसान इलाके में ले गया।
किच्छा बाईपास पर पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने महिला को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और सुनसान स्थल पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी देवर के कबूलनामे के बाद उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस की कई टीमें अब फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
रुद्रपुर पुलिस का कहना है कि इस मामले में साक्ष्यों को मजबूती से जुटाया जा रहा है ताकि अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। इस घटना ने समाज में रिश्तों की पवित्रता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस जघन्य अपराध को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
