Connect with us

उत्तर प्रदेश

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का सिधौली सीएचसी पर छापा, सफाई एजेंसी का भुगतान रोका

Published

on

खबर शेयर करें 👉

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सिधौली सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। गंदगी देख भड़के मंत्री ने सफाई एजेंसी का पेमेंट रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सीतापुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। सोमवार को लखनऊ के चिनहट सीएचसी का निरीक्षण करने के बाद, मंगलवार को वे अचानक सीतापुर जिले के सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जा पहुंचे। इस औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पसरी गंदगी और अव्यवस्थाओं को देखकर डिप्टी सीएम का पारा चढ़ गया और उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई।


निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने पाया कि अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था बेहद खराब थी और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। गंदगी पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने संबंधित सफाई एजेंसी को तुरंत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, लापरवाही के दंड स्वरूप एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान रोकने का भी आदेश दिया। उन्होंने अफसरों से दो टूक कहा कि जब तक व्यवस्थाएं दुरुस्त न हो जाएं, वे केंद्र न छोड़ें।
अस्पताल में एक्स-रे के लिए मरीजों की लंबी कतार देख कर भी डिप्टी सीएम ने नाराजगी जताई। बिजली न होने का बहाना सामने आने पर उन्होंने तुरंत जनरेटर ऑन करवाया और स्वयं खड़े होकर एक्स-रे कार्य शुरू कराया। ब्रजेश पाठक ने वार्डों में जाकर मरीजों से उनका हाल-चाल जाना और पूछा कि उन्हें दवाइयां बाहर से तो नहीं लिखनी पड़ रही हैं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश की जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  पत्नी ने विवाद पर बेटी से पिटवाया, आहत व्यापारी ने आत्महत्या की, खुद को गोली मारने से पहले वीडियो बनाई
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement