उत्तराखण्ड
UK Board Result 2026: आज खत्म होगा 2 लाख छात्रों का इंतजार, 10 बजे जारी होंगे नतीजे
उत्तराखंड बोर्ड (UBSE) आज सुबह 10 बजे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित करेगा। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जारी करेंगे नतीजे। डायरेक्ट लिंक और हेल्पलाइन नंबर यहाँ देखें।
देहरादून: उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद (UBSE) के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। करीब दो लाख छात्र-छात्राओं का इंतजार आज सुबह 10 बजे खत्म हो जाएगा। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत बोर्ड मुख्यालय में आधिकारिक रूप से परीक्षा परिणामों की घोषणा करेंगे। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर देख सकेंगे।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में कुल 2,15,262 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें हाईस्कूल के 1,12,276 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र शामिल हैं। परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। इसके बाद 27 मार्च से 10 अप्रैल तक रिकॉर्ड समय में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा किया गया, जिसके चलते आज नतीजे घोषित किए जा रहे हैं।
बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि मुख्य परीक्षा के परिणामों के साथ ही वर्ष 2025 की ‘सुधार परीक्षा द्वितीय’ के नतीजे भी आज ही जारी किए जाएंगे। रिजल्ट जारी होने के तुरंत बाद छात्र ऑनलाइन प्रोविजनल मार्कशीट डाउनलोड कर सकेंगे। हालांकि, ओरिजिनल मार्कशीट और प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए छात्रों को कुछ दिनों बाद अपने संबंधित स्कूलों से संपर्क करना होगा।
परीक्षार्थियों की सहायता के लिए बोर्ड ने विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। रिजल्ट या स्क्रूटनी से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए छात्र संयुक्त सचिव सीपी रतूड़ी (6396178537), शोध अधिकारी शैलेंद्र जोशी (7055513072) या प्रशासनिक अधिकारी राजीव रावत (7830403040) से संपर्क कर सकते हैं। यह कदम छात्रों के तनाव को कम करने और उन्हें सही जानकारी देने के लिए उठाया गया है।
शिक्षा विभाग ने सभी सफल परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने कहा कि पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया के कारण परिणाम समय पर तैयार हो सके हैं। छात्र अपना रोल नंबर तैयार रखें ताकि वेबसाइट पर लिंक एक्टिव होते ही वे तुरंत अपना स्कोरकार्ड चेक कर सकें।
