Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार में दो साल के बाघ का पैर कटा शव मिला, वन्यजीव तस्करी की आशंका

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार के श्यामपुर रेंज में दो वर्षीय नर बाघ का शव बरामद हुआ है। बाघ के दोनों पैर कटे हुए हैं, जिससे वन्यजीव तस्करी की आशंका है

हरिद्वार: हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। सजनपुर बीट क्षेत्र में गश्त और सर्चिंग अभियान के दौरान वन विभाग की टीम को करीब दो वर्ष के एक नर बाघ का शव बरामद हुआ है। बाघ की स्थिति को देखकर मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों के भी होश उड़ गए। मृत बाघ के दोनों पैर कटे हुए थे, जिससे इलाके में वन्यजीव तस्करों के सक्रिय होने की गंभीर आशंका गहरा गई है।
वन विभाग की प्रारंभिक तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि शिकारी और तस्कर बाघ की कीमती खाल और दांत निकालने की बड़ी योजना बना रहे थे। हालांकि, समय रहते सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके से टीम ने घेराबंदी करके एक आरोपी वन गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल दूसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इस क्रूर घटना के बाद वन विभाग के उच्चाधिकारियों और वन्यजीव प्रेमियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पार्क और वन प्रभाग के अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के कड़े प्रोटोकॉल के तहत डॉक्टरों के पैनल द्वारा बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों को शक है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्कर गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल जंगल के संवेदनशील रास्तों और सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि फरार आरोपी को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।

Select Language

Advertisement