उधमसिंह नगर
यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर पकड़े गए 20 करोड़ के जेवरात, नेपाल भाग रहे थे चोर
तेलंगाना से करोड़ों के जेवरात चुराकर नेपाल भाग रहे दंपति और एक महिला को यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 8 किलो सोना बरामद किया।
रुद्रपुर। यूपी-उत्तराखंड सीमा पर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। तेलंगाना से करोड़ों रुपये के जेवरात चोरी कर नेपाल भागने की फिराक में लगे तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में एक दंपति और उनकी रिश्तेदार महिला शामिल हैं। ऊधमसिंह नगर (यूएस नगर) पुलिस ने इनके पास से आठ किलोग्राम सोना और एक किलो पचास ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद सोने-चांदी की कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
रामपुर जिले के बिलासपुर और यूएस नगर पुलिस को तेलंगाना पुलिस से एक गुप्त इनपुट मिला था। इनपुट के मुताबिक, भारी मात्रा में जेवरात चुराकर कुछ चोर उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे हैं। यह भी सूचना थी कि ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस में सवार हैं। जानकारी मिलते ही यूएस नगर के एसएसपी अजय गणपति ने एसओजी और पुलिस टीमों को तुरंत अलर्ट कर दिया। इसके बाद रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने यूपी रोडवेज की एक संदिग्ध बस को रोका। तलाशी लेने पर बस में सवार नेपाल मूल के तीन संदिग्धों के पास से भारी मात्रा में आभूषण मिले। पुलिस ने उनके पास से आठ किलो सोना, चांदी और हीरे की अंगूठियां बरामद कीं। इसके बाद पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर थाने ले आई। आरोपियों की पहचान नेपाल निवासी कमल, उसकी पत्नी विमला और साली कल्पना के रूप में हुई है।
इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस अब आरोपियों के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी इतनी बड़ी खेप के साथ नेपाल सीमा पार करने की कोशिश में थे। पुलिस इस मामले में तेलंगाना पुलिस के साथ मिलकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। सीमाई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग को और ज्यादा सख्त कर दिया गया है।
