Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी भोटियापड़ाव लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो शातिर बदमाश लूटे गए मोबाइल व कैश संग गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी पुलिस ने भोटियापड़ाव क्षेत्र में युवक को बाइक पर बैठाकर लूटने वाले दो बदमाशों को 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें।

हल्द्वानी। शहर और उसके आसपास के इलाकों में सक्रिय शातिर बदमाशों के गिरोह के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, हल्द्वानी पुलिस ने भोटियापड़ाव क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूटपाट का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने युवक को बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाने और सुनसान जगह ले जाकर मारपीट व लूट करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लूटा गया माल और घटना में इस्तेमाल की गई स्पोर्ट्स बाइक भी बरामद हो गई है।
यह मामला 24 जून 2026 का है, जब मूल रूप से सोमेश्वर (अल्मोड़ा) के रहने वाले प्रदीप सिंह बोरा को दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने हल्द्वानी बाजार से लिफ्ट देने के बहाने बैठाया था। इसके बाद आरोपी उन्हें एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां प्रदीप के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर उनका एक मोबाइल फोन और ₹2000 की नगदी लूट ली थी। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी गई थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और मुखबिरों की सटीक सूचना पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अभय सिंह उर्फ ‘उड़ी’ (निवासी राजपुरा, हल्द्वानी) और रवि रौतेला (निवासी फूलचौड़, हल्द्वानी) के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल फोन और ₹2,000 की नगदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा सीबीआर (Honda CBR) मोटरसाइकिल को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने इस त्वरित खुलासे के लिए भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और मुकेश सिंह की पुलिस टीम की सराहना की है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी बनभूलपुरा हिंसा क्षेत्र में रुपये बांटने वाले सलमान खान की इंस्टाग्राम ने आइडी हटाई
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement