Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार पुलिस का बड़ा धमाका, पंजाब से फेक करेंसी गैंग के दो सरगना गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने पंजाब से जाली नोट गिरोह के दो सरगनाओं को दबोचा। वर्ना कार, प्रिंटर और 1.10 लाख की नकली करेंसी बरामद।

हरिद्वार। कोतवाली पुलिस ने एसएसपी नवनीत सिंह के अनुभवी नेतृत्व में जाली नोट छापने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने कस्टडी रिमांड के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पंजाब में बड़ी छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना और उसके साथी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से कुल 1,10,000 रुपये के जाली नोट, एक प्रिंटर और वरना कार बरामद की गई है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले की शुरुआत 06 जुलाई को हुई थी, जब हरिद्वार पुलिस ने दो जोड़ी पिता-पुत्र (सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित और संजीव) को 84,500 रुपये के नकली नोटों के साथ जेल भेजा था। इसके बाद 10 जुलाई 2026 को पुलिस ने आरोपी टिंकू और सुमित को कोर्ट से पुलिस कस्टडी रिमांड (P.C.R.) पर लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने पंजाब के मुख्य नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत पंजाब के लिए रवाना हुई।
हरिद्वार पुलिस ने पंजाब के पठानकोट हाईवे पर स्थित ‘बापू दा ढाबा’ के पास से पवन कुमार को 5,000 रुपये के नकली नोटों के साथ दबोचा। वहीं, गिरोह के मुख्य सरगना सुखबीर सिंह को अमृतसर से 1,00,000 रुपये की जाली करेंसी, कूटकरण में इस्तेमाल होने वाले प्रिंटर और एक वरना कार के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि ये आरोपी असली 50 हजार रुपये के बदले एक लाख रुपये के नकली नोट देकर बाजार में खपाते थे और मोटा मुनाफा कमाते थे।
पकड़े गए आरोपी समाज की नजरों में वैध कारोबार की आड़ लेकर इस काले धंधे को अंजाम दे रहे थे। पवन पठानकोट हाईवे पर ढाबा चलाता था, जबकि सुखबीर कपड़ों के व्यवसाय की आड़ में नकली नोटों की सप्लाई करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुखबीर सिंह साल 2020 में बैंक फ्रॉड और 2024 में जाली करेंसी मामले में पंजाब के बटाला थाने से जेल जा चुका है। वहीं पवन कुमार भी साल 2022 में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट में जेल का चक्कर काट चुका है।
सलाखों के पीछे ही इन दोनों शातिर अपराधियों की दोस्ती हुई थी, जहाँ इन्होंने जाली नोट छापने का यह खतरनाक प्लान तैयार किया था। हरिद्वार पुलिस की इस राष्ट्रीय स्तर की कामयाबी पर एसएसपी नवनीत सिंह ने पूरी टीम (उ0नि0 ऋषिकांत पटवाल, हे0का0 संजय पाल सहित अन्य) की सराहना की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों का अन्य राज्यों से जुड़ा आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और उन्हें जल्द ही माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement