हल्द्वानी
हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत 6 गिरफ्तार
नैनीताल पुलिस ने मुखानी में कार्रवाई कर 5 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क का खुलासा किया। गिरोह के सरगना राहुल यादव समेत 6 आरोपी गिरफ्तार।
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त पुलिस टीम ने मुखानी क्षेत्र की लक्ष्मण विहार कॉलोनी में छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि गिरोह का मुख्य सरगना राहुल यादव इंदौर (मध्य प्रदेश) का निवासी है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पिछले चार महीनों में लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध वित्तीय लेनदेन में शामिल रहा है। यह नेटवर्क Binance के माध्यम से USDT खरीदकर अनधिकृत ‘UMASTER’ ऐप और टेलीग्राम के जरिए अवैध खेल चला रहा था।
गिरोह स्थानीय युवाओं को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड अपने पास रखता था। इन म्यूल खातों के माध्यम से रोजाना लाखों रुपये का लेनदेन किया जाता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1.18 लाख रुपये नकद, 11 स्मार्टफोन, 24 एटीएम कार्ड और लैपटॉप समेत कई महत्वपूर्ण बैंकिंग सामग्रियां बरामद की हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने इस शानदार कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रलोभन में आकर अपना बैंक खाता या दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराएं।
