उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में आज से बदला स्कूलों का समय: 1 अक्टूबर से शीतकालीन टाइम-टेबल लागू, जानिए नया शेड्यूल
उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में 1 अक्टूबर से नया शीतकालीन समय लागू होगा। सुबह 8:50 पर प्रार्थना और दोपहर 3:10 बजे छुट्टी होगी। पूरी समय-सारिणी पढ़ें।
देहरादून: उत्तराखंड के राजकीय माध्यमिक और प्रारंभिक विद्यालयों में 1 अक्टूबर से नया शीतकालीन समय-सारिणी लागू होने जा रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुसार, यह नई व्यवस्था 1 अक्टूबर से लेकर 31 मार्च तक प्रभावी रहेगी। ठंड के मौसम और सुबह के गिरते तापमान को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में यह अहम बदलाव किया गया है।
नए टाइम-टेबल के अनुसार, विद्यार्थियों को अब गर्मियों की तुलना में करीब एक घंटा पांच मिनट देर से स्कूल पहुंचना होगा। विद्यालयों में सुबह 8:50 से 9:00 बजे तक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। इसके ठीक बाद प्रातः 9:00 बजे से नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा।
स्कूलों में पढ़ाई के लिए समय-सारिणी को आठ वादनों (पीरियड्स) में बांटा गया है। पहला वादन सुबह 9:00 से 9:45 बजे तक, दूसरा 9:45 से 10:30 बजे, तीसरा 10:30 से 11:15 बजे और चौथा वादन 11:15 से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 12:00 से 12:30 बजे तक आधे घंटे का मध्यांतर (इंटरवल) रहेगा।
मध्यांतर के बाद पांचवां वादन दोपहर 12:30 से 1:10 बजे, छठा 1:10 से 1:50 बजे, सातवां 1:50 से 2:30 बजे और अंतिम आठवां वादन 2:30 से 3:10 बजे तक संचालित होगा। इस प्रकार दोपहर 3:10 बजे विद्यालय में छुट्टी की जाएगी।
