शिक्षा
धानाचूली में सामाजिक विज्ञान महोत्सव आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
धानाचूली: यहाँ स्थित बीआरसी सभागार में गुरुवार को सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए मॉडल, भाषण और क्विज प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मॉडल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। वहीं क्विज प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की गई। इसमें एमसीक्यू राउंड, विजुअल राउंड, रैपिड फायर राउंड और बजर राउंड शामिल रहे। विद्यार्थियों ने सभी चरणों में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में मॉडल प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज धानाचूली, क्विज प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज बाबियाड़ तथा भाषण प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाड़ापानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन दीपा रैकवाल एवं श्रीमती निधि रौतेला ने किया। इस अवसर पर निधि रौतेला, दीपा रैकवाल, सोनल जोशी, प्रमिला बिष्ट, राजेंद्र भंडारी, उमेश गोस्वामी सहित बीआरपी और सीआरपी मौजूद रहे। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान विषय के प्रति रुचि विकसित करने के साथ ही अपनी रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
