Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची जारी, 71.59 लाख वोटरों का नाम शामिल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है। 71.59 लाख वोटरों में 37.37 लाख पुरुष और 34.21 लाख महिलाएं शामिल हैं। पूरी जानकारी पढ़ें।

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची का औपचारिक रूप से प्रकाशन कर दिया है। इस नई सूची के अनुसार, प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 71,58,949 तक पहुंच गई है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के तहत 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि मानकर यह अभियान चलाया गया था।
जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल मतदाताओं में 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 नए युवा मतदाता बने हैं, जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 1,22,892 दर्ज की गई है। पूरी प्रक्रिया के दौरान 1.29 लाख नए नाम जोड़े गए और 1.04 लाख अयोग्य नाम हटाए गए।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पात्र नागरिक अभी भी मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गया है, तो उनके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और छूटे हुए नागरिकों का नाम दर्ज करने में सहायता प्रदान करेंगे। योग्य व्यक्ति फॉर्म-6 भरकर ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बेघर, श्रमिकों और हाशिए पर रहने वाले लोगों के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार अंतिम मतदाता सूची को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से आसानी से देखा जा सकता है। नागरिक अपने जिले के निर्वाचन अधिकारी या स्थानीय बीएलओ कार्यालय में जाकर भी अपने नाम की पुष्टि कर सकते हैं।

Select Language

Advertisement