Connect with us

उत्तर प्रदेश

बारातियों को चकमा देकर ट्रेन से उतरी दुल्हन पहुंची थाने, हिरासत में दूल्हा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

किशोरी का बाल विवाह, दोगुने से अधिक उम्र के युवक से कर दी शराबी पिता ने शादी
लखनऊ।
धौलपुर के 32 वर्षीय युवक ने 14 वर्षीय बालिका से उसकी मर्जी के खिलाफ सात फेरे लिए। चंदौली से विदा कराके ट्रेन से आ रहे थे। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर बरातियों को चकमा देकर बालिका वधू ट्रेन से उतर गई। वह मंटोला थाने पहुंची। पुलिस को बताया कि अंकल से मेरी शादी करा दी है। इस बीच उसे खोजते हुए दूल्हा भी उधर आ गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
बाल कल्याण समिति ने किशोरी को आशा ज्योति केंद्र में रखने के निर्देश दिए। बाल कल्याण समिति के सामने 12 मार्च को पुलिस ने किशोरी को पेश किया। समिति के सदस्यों अर्चना उपाध्याय, निमेष बेताल और रेनू चतुर्वेदी ने किशोरी से बात की। उसने बताया, वह थाना शिकारगंज, जिला चंदौली की रहने वाली है। मां की मौत हाे चुकी है। पिता शराबी है। उसकी मर्जी के खिलाफ धौलपुर के थाना निहालगंज निवासी मोनू से उसका रिश्ता तय कर दिया। मोनू की उम्र दोगुनी से अधिक है।
स्वजन ने 11 मार्च को उसकी शादी करा दी। दूल्हा और उसके स्वजन विदाई कराके ट्रेन से आ रहे थे। ट्रेन के आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर रुकी थी। दूल्हा और उसके स्वजन नींद में थे। इस दौरान मौका मिल गया। वह ट्रेन से उतर गई। किशोरी पुलिस चौकी पहुंची। वहां पुलिस को कहानी बताई।इस बीच दूल्हा भी उसे खोजता हुआ आ गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
दोनों को मंटोला थाने ले आए। दूल्हा बने युवक ने पुलिस को बताया कि उसके गांव की लड़की की चंदौली में ससुराल है। उसने ही यह रिश्ता कराया था। शादी का दोनों ओर का खर्चा उसी ने उठाया था। पुलिस ने किशोरी के बाबा को सुपुर्दगी के लिए बुलाया। बाल कल्याण समिति के सदस्यों अर्चना उपाध्याय और निमेष बेताल ने बताया कि किशोरी के हित को देखते हुए उसे चंदौली बाल कल्याण समिति के माध्मय से स्वजन को दिया जाएगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement