देहरादून
देहरादून: शेयर बाजार के नाम पर ONGC के रिटायर्ड अधिकारी से ₹1.87 करोड़ की ठगी
देहरादून में साइबर ठगों ने शेयर बाजार और IPO में मुनाफे का लालच देकर ONGC के 70 वर्षीय पूर्व अधिकारी से ₹1.87 करोड़ ठग लिए। जानें कैसे हुई यह बड़ी धोखाधड़ी।
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी में साइबर ठगों ने अब तक की सबसे बड़ी वारदातों में से एक को अंजाम दिया है। जालसाजों ने शेयर बाजार और आईपीओ (IPO) में भारी मुनाफे का लालच देकर ओएनजीसी (ONGC) के एक 70 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी से 1.87 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर ली। बुधवार को साइबर अपराध थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्रनगर, कौलागढ़ रोड निवासी दिलीप कुमार श्रीवास्तव को ठगों ने बेहद पेशेवर तरीके से अपना शिकार बनाया। पीड़ित के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को उनके पास एक अज्ञात महिला का व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसने अपना नाम दीया मेहरा बताया। महिला ने खुद को आदित्य बिड़ला सन लाइफ की इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बताते हुए उन्हें एक निवेश व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया।
जालसाजों ने भरोसा जीतने के लिए सेबी (SEBI) का एक फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर भी दिखाया। इसके बाद उन्हें एक हाई नेट वर्थ ट्रेडिंग पोर्टल पर अकाउंट खुलवाया गया। शुरुआत में अधिकारी ने ₹49,000 निवेश किए, जिस पर ऐप के डैशबोर्ड पर भारी मुनाफा दिखने लगा। इसी लालच में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में 1 करोड़ 17 लाख 64 हजार रुपये जमा कर दिए।
धोखाधड़ी का स्तर इतना बड़ा था कि ऐप पर उनका कुल फंड ₹14.50 करोड़ से अधिक दिखाया जा रहा था। जब अधिकारी ने यह रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने ‘ब्रोकरेज फीस’ के नाम पर ₹1 करोड़ की और मांग की। पीड़ित ने भरोसा करके ₹70 लाख और दे दिए, लेकिन जब पैसे फिर भी नहीं मिले और ठगों ने और डिमांड की, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
