Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर: दुकान पर कब्जे की नीयत से पहुंचे हमलावरों ने पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या की

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर में गल्ला मंडी क्षेत्र रविवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। दुकान पर कब्जे की नीयत से पहुंचे हथियारबंद हमलावरों ने विरोध करने पर पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ईश्वर कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय गुरमेज सिंह गल्ला मंडी में ‘लुधियाना एग्रो ट्रेडर्स’ के नाम से कृषि यंत्रों की दुकान चलाते थे। लगभग आठ माह से उनकी दुकान को लेकर मॉडल कॉलोनी निवासी भाइयों अवधेश कुमार सलूजा और दिनेश कुमार सलूजा पुत्रगण सुंदर दास सलूजा से विवाद चल रहा था।

रविवार देर रात करीब 2:20 बजे अवधेश और दिनेश अपने 10-15 साथियों के साथ जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर दुकान पर पहुंचे। वह जेसीबी मशीन से दुकान की दायीं दीवार तोड़ने लगे। सूचना मिलते ही गुरमेज सिंह अपने छोटे बेटे 28 वर्षीय मनप्रीत सिंह के साथ स्कूटी पर वहां पहुंचे। उनके पीछे बड़ा बेटा सुरेंद्र सिंह भी बाइक से मौके पर आ गया।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद नवजात बच्चे की मौत, परिजनों का हंगामा

जब गुरमेज सिंह और उनके बेटे ने दुकान को तोड़े जाने का विरोध किया तो मामला तेजी से बढ़ गया। धक्का-मुक्की के बीच भीड़ में से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से गुरमेज सिंह और उनके छोटे बेटे मनप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गुरमेज सिंह के पेट के निचले हिस्से और मनप्रीत के सीने में गोली लगी थी।

हमलावरों ने गुरमेज के बड़े बेटे सुरेंद्र सिंह पर भी दो राउंड फायर किए, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। वहीं, एक नामजद आरोपी के पैर में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने की बात भी सामने आई है।

यह भी पढ़ें 👉  कनखल थाने में एसपी सिटी के आश्वासन के बाद देर शाम शांत हुआ मामला

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अवधेश और दिनेश के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए 10-15 अज्ञात लोगों पर भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

प्रशासन ने मृतकों के परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है और जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।


Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement