उधमसिंह नगर
गौरीखेड़ा में हत्या आरोपी मुश्ताक का अवैध निर्माण प्रशासन ने ढहाया
सितारगंज। पूजा मंडल हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुश्ताक के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सोमवार सुबह उसका अवैध निर्माण ध्वस्त करवा दिया। यह कार्रवाई गौरीखेड़ा गांव में की गई, जहां मुश्ताक के परिवार द्वारा सरकारी जमीन पर लगभग 1000 स्क्वॉयर फीट में टिन शेड का अवैध निर्माण किया गया था।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे एसडीएम रुद्रपुर मनीष बिष्ट, एसडीएम सितारगंज रविन्द्र जुवांठा, एएसपी काशीपुर अभय सिंह और सीओ सितारगंज भूपेंद्र सिंह धौनी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल, राजस्व विभाग और जेसीबी, पोकलेन, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ टीम गांव पहुंची। कार्रवाई से पहले अवैध निर्माण की वीडियोग्राफी कराई गई। इसके बाद वहां रखा सामान ट्रॉली में भरवाकर निर्माण को जेसीबी से ढहा दिया गया।
प्रशासन की जांच में पाया गया कि यह भूमि मथुरा सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी ग्राम थारू गौरीखेड़ा की है, जिस पर मुश्ताक के पिता अली अहमद ने अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किया था।
गौरतलब है कि पूजा मंडल, जो गुरुग्राम के एक स्पा सेंटर में काम करती थी, उसकी निर्मम हत्या के बाद सिर कटा शव खटीमा की नहर से बरामद हुआ था। इस जघन्य हत्याकांड में मुश्ताक मुख्य आरोपी है। प्रशासन द्वारा की गई यह कार्रवाई अपराधियों पर दबाव बनाने और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त संदेश देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
