देहरादून
देहरादून में खनन डंपर का उत्पात, धीमे चलने की नसीहत पर मैनेजर को घसीटा, बाल-बाल बचे
देहरादून। सहस्रधारा रोड पर सोमवार सुबह खनन डंपर ने ऐसा उत्पात मचाया कि राहगीरों की जान सांसत में पड़ गई। कार शोरूम के फाइनेंस मैनेजर 52 वर्षीय नवीन गौड़ अपने बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने तेज रफ्तार से दौड़ रहे डंपर चालक को धीमे चलाने की नसीहत दी। आरोप है कि चालक भड़क गया और डंपर तेज दौड़ा दिया।
नवीन गौड़ डंपर की कंडक्टर साइड की खिड़की पर लटक गए और आरोपी चालक ने उन्हें करीब दस मीटर तक घसीट डाला। इसके बाद वे सड़क पर गिर पड़े। गनीमत रही कि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, वरना हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। वे बाल-बाल डंपर के पहियों के नीचे आने से बचे। मौके पर मौजूद स्कूली वाहनों में बैठे बच्चे और अभिभावक भी सहम उठे। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
नवीन गौड़ का कहना है कि सहस्रधारा रोड पर आईटी पार्क की तरफ से आ रहा डंपर लापरवाही से ओवरटेक कर रहा था। सड़क पर स्कूली वाहन भी थे, ऐसे में उन्होंने चालक को धीमे चलाने को कहा। लेकिन जैसे ही डंपर सहस्रधारा क्रॉसिंग से निकला, आरोपी ने वाहन और तेज कर दिया और यह खतरनाक घटना घटित हुई।
घटना के बाद नवीन ने रायपुर और डालनवाला थाने में शिकायत दी, लेकिन तुरंत कार्रवाई नहीं हुई। बाद में एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर रायपुर थाना पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। विकासनगर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी 25 वर्षीय प्रमोद निवासी यमुनानगर, हरियाणा को पांवटा से गिरफ्तार कर लिया। डंपर को भी सीज कर दिया गया है।
यह मामला एक बार फिर खनन डंपरों की बेलगाम रफ्तार और पुलिस-प्रशासन की ढीली निगरानी पर सवाल खड़े करता है। रोजाना इस रूट पर तेज रफ्तार डंपर चलने से आम लोगों की जान पर खतरा बना रहता है।
