हल्द्वानी
लालकुआं में प्रॉपर्टी डीलर की मौत पर बवाल, शव रखकर किया प्रदर्शन
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र सोमवार की रात उस समय तनावपूर्ण माहौल में डूब गया, जब जहरीला पदार्थ खाने से मौत के मामले में प्रॉपर्टी डीलर महेश जोशी के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे। गुस्साए लोगों ने शव कोतवाली परिसर में रखकर प्रदर्शन किया और राजस्व विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी पटवारी पूजा रानी की गिरफ्तारी को लेकर अड़े रहे।
54 वर्षीय महेश जोशी, निवासी दुम्काबंगर बच्चीधर्मा पोस्ट हल्दूचौड़, 20 सितंबर को लालकुआं तहसील पार्किंग में अपनी कार के पास बेहोश मिले थे। बेटे विनय के अनुसार, उन्होंने कार में ही जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। तत्काल उन्हें एसटीएच पहुंचाया गया और बाद में बरेली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का दावा है कि महेश जोशी की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए तहसील की पटवारी पूजा रानी समेत कुछ अन्य राजस्व कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया है। इसी आधार पर ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार शाम कोतवाली परिसर में शव रखकर शुरू हुआ प्रदर्शन देर रात तक चला। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट भी मौके पर पहुंचे और लोगों से शांत रहने की अपील की। हालांकि प्रदर्शनकारी तब तक नहीं माने जब तक कि पुलिस ने पटवारी पूजा रानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू करने की पुष्टि नहीं की।
करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। कोतवाल दिनेश सिंह फत्र्याल, पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल, एसडीएम रेखा कोहली, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान और तहसीलदार मनीषा बिष्ट मौके पर मौजूद रहे। लगातार वार्ता और वीडियो कॉल के माध्यम से हिरासत की जानकारी दिए जाने के बाद रात करीब नौ बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।
इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार और उत्पीड़न की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में कनिष्ठ उपप्रमुख कमल भंडारी, ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी, वरिष्ठ समाजसेवी हेमवती नंदन दुर्गापाल, कमलेश चंदोला, इंदर सिंह बिष्ट, चेयरमैन सुरेंद्र लोटनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित विजय दुमका, नगर अध्यक्ष भुवन पांडे, पुष्कर दानू, रमेश जोशी, राधा कैलाश भट्ट और उमेश फुलारा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
