Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: बिजली विभाग की लापरवाही से कैफे 18 में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के ट्रांसपोर्ट नगर में कैफे 18 में देर रात बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। रेस्टोरेंट संचालक ने लाखों के नुकसान और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

हल्द्वानी। शहर में बिजली विभाग की कथित बड़ी लापरवाही का खामियाजा एक रेस्टोरेंट संचालक को भुगतना पड़ा है। ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र के पास स्थित कैफे 18 में देर रात बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते रेस्टोरेंट पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया, जिससे संचालक का लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और ट्रांसपोर्ट नगर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग पर नियंत्रण पाया जाता, रेस्टोरेंट का एक बड़ा हिस्सा जल चुका था। इस आगजनी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
रेस्टोरेंट स्वामी अभय नेगी ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग को शिकायत कर रेस्टोरेंट के पास लगे बिजली के पोल को दूसरी ओर शिफ्ट करने की मांग की थी। लेकिन विभाग ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। अभय नेगी का आरोप है कि विभाग की इसी घोर लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में उनका लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, जिसका आकलन फिलहाल किया जा रहा है।
इस घटना पर स्थानीय लोगों ने भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने कहा कि अगर विभाग ने समय रहते कार्रवाई की होती तो यह हादसा टल सकता था। इस बीच, एसडीएम राहुल शाह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन करने के लिए जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Select Language

Advertisement