Connect with us

उधमसिंह नगर

ऊधम सिंह नगर: दो दिन से लापता 2 वर्षीय मासूम लायबा का शव तालाब से बरामद, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

ऊधम सिंह नगर के बाबरखेड़ा गांव में दो दिन से लापता 2 साल की बच्ची लायबा का शव उसके पिता के खेत के पास बने तालाब से मिला। डॉग स्क्वॉड की मदद से शव बरामद।

ऊधम सिंह नगर। ऊधम सिंह नगर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बाबरखेड़ा गांव में दो दिन से लापता 2 वर्षीय मासूम बच्ची लायबा का शव आज सुबह एक तालाब से बरामद किया गया है। बच्ची का शव मिलने के बाद से ही उसके परिवार में कोहराम मच गया है।
बाबरखेड़ा गांव के रहने वाले अशफाक की 2 वर्षीय बेटी लायबा दो दिन पहले दोपहर लगभग 3 बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने देर रात तक उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। जिसके बाद उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस टीमें मासूम की तलाश में जुटी थीं। बीते दिन डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक जांच टीम ने भी मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की थी।
आज सुबह पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से गांव के पास ही स्थित, बच्ची के पिता अशफाक के खेत के पास बने तालाब में जाल बिछाकर खोज शुरू की। पुलिस डॉग स्क्वॉड भी सूंघते-सूंघते इसी तालाब के पास जा पहुंचा था। काशीपुर सीओ दीपक सिंह ने बताया कि 31वीं बटालियन की जल पुलिस के तैराकों के संयुक्त प्रयासों से मासूम लायबा का शव तालाब से बरामद किया गया।
कुंडा कोतवाली पुलिस ने मृतक बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ दीपक सिंह ने जानकारी दी कि डॉग स्क्वॉयड, फोरेंसिक टीम और जल पुलिस की मदद से शव को बरामद किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बच्ची तालाब तक कैसे पहुंची और क्या यह केवल एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Select Language

Advertisement