उधमसिंह नगर
रुद्रपुर में डंपर ने युवक को कुचला: भड़की हिंसा, पुलिस का लाठीचार्ज और NH-74 जाम
रुद्रपुर के गावा चौक पर डंपर की टक्कर से युवक की मौत के बाद भारी बवाल। उग्र भीड़ ने डंपर तोड़ा, पुलिस को भांजनी पड़ी लाठियां। पूर्व विधायक ने भी जताया आक्रोश।
रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर स्थित नेशनल हाईवे 74 पर सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे के बाद भारी हिंसा भड़क गई। गावा चौक के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रम्पुरा निवासी बबलू के रूप में हुई है। इस घटना से आक्रोशित भीड़ ने हाईवे पर जमकर उत्पात मचाया और डंपर में तोड़फोड़ की।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे डंपर को पीछा कर रोक लिया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ इतनी उग्र हो गई कि पुलिस की मौजूदगी में ही डंपर के शीशे तोड़ दिए गए। इस दौरान नेशनल हाईवे 74 पर करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और लंबा जाम लग गया।
बढ़ते तनाव को देखते हुए बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र खत्री भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब भीड़ काबू से बाहर होने लगी, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा। पुलिस ने लाठियां भांजकर प्रदर्शनकारियों को हाईवे से खदेड़ा। स्थानीय लोगों का गुस्सा प्रशासन और परिवहन विभाग के खिलाफ था, क्योंकि इलाके में ओवरलोड वाहनों का कहर थम नहीं रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मांग की कि ओवरलोड वाहनों पर तत्काल नकेल कसी जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और स्थिति नियंत्रण में है।
